Ranchi : झारखंड में आज से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद की प्रक्रिया शुरू हो गई। इस वर्ष सरकार ने 2.51 लाख से अधिक किसानों से लगभग 60 लाख क्विंटल धान खरीदने का लक्ष्य तय किया है। धान की खरीद 2,450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। राज्य में गठित 834 अधिप्राप्ति केंद्रों में से पहले दिन 82 केंद्रों पर खरीद शुरू की गई।
रांची के नामकुम स्थित लैम्प्स केंद्र पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम गोपाल पांडे ने धान खरीद का शुभारंभ किया। इस दौरान किसानों ने सरकार से आग्रह किया कि धान खरीद की शुरुआत हर साल नवंबर के दूसरे सप्ताह में की जाए। किसानों का कहना है कि देरी होने पर उन्हें आर्थिक जरूरतों के कारण बिचौलियों को कम दाम पर धान बेचना पड़ता है।
सरकार ने धान खरीद व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए इस वर्ष कई नए प्रावधान लागू किए हैं। अब 4जी पॉस मशीन के माध्यम से खरीद की जाएगी और भुगतान से पहले प्रतिदिन सरकारी कर्मचारी या जनसेवक की उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य होगा। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि रांची जिले में 43 अधिप्राप्ति केंद्र बनाए गए हैं और किसानों को भुगतान के लिए दो करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है। धान बेचने के दो से सात दिनों के भीतर डीबीटी के जरिए भुगतान किया जाएगा।
नामकुम लैम्प्स के प्रबंधक नीरज कुमार ने बताया कि पंजीकृत किसानों को मैसेज भेजकर तय तिथि पर केंद्र बुलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भुगतान प्रक्रिया समयबद्ध और सुचारू रहेगी। वहीं, लैम्प्स अध्यक्ष आरती कुजूर ने बताया कि अच्छी बारिश के कारण इस वर्ष धान की पैदावार बेहतर हुई है और बड़ी संख्या में किसानों के केंद्रों पर आने की उम्मीद है। सरकारी निर्देश के अनुसार 31 मार्च 2026 तक धान खरीद जारी रहेगी।
इधर, गढ़वा जिले में भी धान अधिप्राप्ति केंद्रों पर खरीद शुरू हो गई है। गढ़वा सदर प्रखंड के दुबे मरहटिया गांव में उपायुक्त दिनेश यादव ने धान खरीद का उद्घाटन किया। किसानों ने शिकायत की कि केंद्र देर से खुलने के कारण कई छोटे किसानों को पहले ही बाजार में धान बेचना पड़ा। इस पर उपायुक्त ने कहा कि इस बार धान खरीद के बाद एक सप्ताह के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा और किसानों से नजदीकी पैक्स में ही धान बेचने की अपील की गई।
Also Read : सीएम हेमंत सोरेन से आम लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने की मुलाकात
Also Read : नितिन नबीन की नियुक्ति पर कांग्रेस-झामुमो का भाजपा पर वार, बोले- संगठन में लोकतंत्र नहीं बचा


