Ranchi : उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में झारखंड के सिमडेगा की एक युवती के साथ दुष्कर्म और हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। युवती को घरेलू सहायिका की नौकरी दिलाने का झांसा देकर हापुड़ बुलाया गया था। पुलिस ने इस मामले में एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपित युवक ने दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाने और शिकायत के डर से युवती की हत्या करने की बात स्वीकार की है।
गन्ने के खेत में सूटकेस से बरामद हुआ कंकाल
मामला एक दिसंबर को उजागर हुआ, जब पिलखुवा थाना क्षेत्र में एनएच-9 के पास रामा अस्पताल के सामने स्थित गन्ने के खेत में एक लावारिस सूटकेस मिला। सूटकेस खोलने पर उसके अंदर एक युवती का कंकाल पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन शुरुआती तौर पर शव की पहचान नहीं हो सकी।
पहचान के लिए दिल्ली तक चली जांच
युवती की पहचान के लिए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए दिल्ली तक संपर्क साधा। विवेक विहार थाना क्षेत्र में पहचान से जुड़े पोस्टर लगाए गए। इसी दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मिला। सविता विहार इलाके में एक कारोबारी के घर काम करने वाली घरेलू सहायिका ने पुलिस को बताया कि उसने एक युवती की हत्या होते हुए देखा था और वह इस घटना से डरी हुई थी।
सिमडेगा की युवती ने बताई पूरी कहानी
पुलिस की पूछताछ में उस युवती ने बताया कि सूटकेस में मिला कंकाल झारखंड के सिमडेगा जिले के ठेठाईगर थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती का है। इस जानकारी के बाद पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपितों तक पहुंच बनाई।
घरेलू काम के नाम पर बुलाकर किया दुष्कर्म
पुलिस ने पिलखुवा के गांव डूहरी कट निवासी अंकित कुमार और उसकी पत्नी कलिस्ता उर्फ काली को गिरफ्तार किया। कलिस्ता मूल रूप से झारखंड के ठेठाईगर की रहने वाली है। पूछताछ में सामने आया कि दंपती झारखंड की गरीब युवतियों को घरेलू सहायिका का काम दिलाने के बहाने उत्तर प्रदेश लाते थे। आरोप है कि अंकित कुमार ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। जब युवती ने इसकी जानकारी पुलिस को देने की बात कही, तो आरोपित घबरा गए।
शिकायत के डर से कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, शिकायत सामने आने के डर से दंपती ने युवती पर डंडे से हमला किया और उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को सूटकेस में भरकर गन्ने के खेत में फेंक दिया गया, ताकि पहचान न हो सके।
डंडा और मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा, तीन मोबाइल फोन और अन्य जरूरी सामान बरामद किया है। आरोपितों के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या और साक्ष्य छिपाने जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Also Read : नितिन नबीन की नियुक्ति पर कांग्रेस-झामुमो का भाजपा पर वार, बोले- संगठन में लोकतंत्र नहीं बचा


