Johar Live Desk: कोलकाता के साल्टलेक स्टेडियम में शनिवार दोपहर अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोन मेसी के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम उस समय विवादों में घिर गया, जब हजारों की संख्या में पहुंचे प्रशंसकों को मेसी की एक झलक तक नहीं मिल सकी। मेसी को देखने की उम्मीद लेकर आए फैंस नाराज हो गए और स्टेडियम में जमकर हंगामा किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्साए प्रशंसकों ने कुर्सियां और पानी की बोतलें फेंकनी शुरू कर दीं, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई फैंस ने दावा किया कि उन्होंने 5 हजार से लेकर 25 हजार रुपये तक के महंगे टिकट खरीदे थे, लेकिन कार्यक्रम के दौरान मेसी सामने नहीं आए, जिससे उनकी नाराजगी और बढ़ गई।
हंगामे के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सतद्रु दत्ता को हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है। इस संबंध में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर जावेद शमीम ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
एडीजी जावेद शमीम ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि जिन दर्शकों को कार्यक्रम में मेसी नहीं दिखे, उन्हें उनके टिकट के पैसे वापस मिलने चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।


