Ranchi : रांची में हुई एक बड़ी छिनतई की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि शहर के सदर थाना क्षेत्र में बीते 8 दिसंबर को बैंक से घर लौट रहे दंपति को निशाना बनाकर बाइक सवार दो अपराधियों ने लाखों के जेवरात झपट लिये थे। अब पुलिस ने बिहार के कटिहार जिले से लगभग 55 से 60 लाख रुपये मूल्य के सभी जेवर बरामद कर लिये हैं। इस वारदात को अंजाम देने के पीछे कुख्यात कोढ़ा गैंग का नाम उछला है।
कैसे हुई घटना
जयप्रकाश नगर बूटी मोड़ निवासी निलय प्रकाश अपनी पत्नी के साथ बैंक ऑफ इंडिया, बरियातु शाखा गये थे। वहां से उन्होंने अपने लॉकर से जेवर निकाले और कार से घर लौट रहे थे। घर पहुंचते ही उनकी पत्नी कार से उतरकर गेट खोल रही थी। तभी बाइक पर आए दो अपराधी तेजी से पहुंचे और उनके कंधे से झोला झपटकर फरार हो गए।
निलय प्रकाश ने तुरंत सदर थाना में इसकी सूचना दी। पुलिस ने मामला सदर थाना कांड संख्या 596/25 के तहत दर्ज किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
छिनतई की घटनाओं पर लगाम लगाने को लेकर एसएसपी राकेश रंजन पहले से ही विशेष निर्देश दे रहे थे। इसी के तहत सिटी एसपी नगर पारस राणा के निर्देश में सदर डीएसपी संजीव बेसरा के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस को संकेत मिला कि इस घटना में कुख्यात कोढ़ा गैंग की संलिप्तता हो सकती है। सुराग मिलने के बाद सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में टीम को कटिहार भेजा गया।
कटिहार में छापा, जेवर बरामद
स्थानीय पुलिस की मदद से टीम ने कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज गांव में छापेमारी की। यहां आरोपी रामकुमार यादव के घर की तलाशी ली गई। तलाशी में वह सभी जेवर मिले जो रांची से छीने गये थे। पुलिस के अनुसार बरामद सामान में लगभग 425 ग्राम सोना और 450 ग्राम चांदी शामिल है, जिसकी बाजार में कुल कीमत करीब 55 से 60 लाख रुपये है। आरोपी रामकुमार यादव सहित अन्य की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
क्या-क्या मिला
- सोने के बिस्कुट 2 पीस
- सोने के सिक्के 7 पीस
- सोने की अंगूठी 15 पीस
- सोने के झुमके 16 जोड़ा
- सोने की चेन 9 पीस
- सोने के हार 2 पीस
- सोने की गिन्नी आदि
- चांदी के पायल 9 जोड़ा
- चांदी की चेन, सिक्के और कड़ा
Also Read : ड्रोन से पकड़ी गई अवैध अफीम की खेती, पांच एकड़ फसल नष्ट


