Muzaffarpur : मुजफ्फरपुर में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जहां स्कूल जा रही एक छात्रा की बिजली का पोल गिरने से मौत हो गई। यह घटना सरैया थाना क्षेत्र के बहिलवारा रुपनाथ दक्षिणी पंचायत के शंकर टोला में हुई, जो मुजफ्फरपुर और वैशाली की सीमा पर स्थित है।
कैसे हुआ हादसा?
सुबह लगभग सात छात्राएं एक साथ स्कूल जा रही थीं। उसी दौरान पीछे से गुजर रहे एक अज्ञात ट्रक की बॉडी सड़क के ऊपर लटके हुए बिजली के तार में फंस गई। ट्रक आगे बढ़ता रहा, जिससे तार में तेज खिंचाव आया और तार के दबाव से बिजली का पोल टूटकर बच्चियों के ऊपर गिर पड़ा। इस हादसे में 7वीं की छात्रा विंध्याचली कुमारी, पिता – सुबोध पासवान, गंभीर रूप से जख्मी हो गई। उसे तुरंत आरडीजेएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन छात्राएं जख्मी
हादसे में रीमा कुमारी, अंशु कुमारी और दिव्या कुमारी जख्मी हो गईं। सभी को CHC सरैया में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विंध्याचली समेत सभी छात्राएं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलवर जा रही थीं। बच्ची का स्कूल बैग, बेल्ट और हेडबैंड दुर्घटना स्थल पर ही पोल के पास बिखरा मिला। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। बच्चे की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया है।
ट्रक ड्राइवर हिरासत में
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उस ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है, जिसकी वजह से हादसा हुआ। ग्रामीणों और परिजनों ने बिजली विभाग और प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और मृत छात्रा के परिवार को उचित मुआवजे की मांग की है।
Also Read : लातेहार में टायर फटने से चालक की मौ’त, एंबुलेंस देर से पहुंची

