Latehar : चंदवा थाना क्षेत्र में भूषाढ़ नदी के पास गैस सिलेंडर से भरे वाहन (यूपी 25 एफटी 6839) का टायर पंचर हो गया था। चालक उमाशंकर सहाय (40) टायर की मरम्मत के लिए उसे दुकान की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान टायर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि पास खड़े उमाशंकर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना के बाद एंबुलेंस निकली, लेकिन रास्ते में टोरी रेलवे फाटक बंद होने के कारण करीब आधे घंटे तक वहीं फंसी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस देरी के चलते घायल चालक को समय पर इलाज नहीं मिल सका। फाटक खुलने के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और उमाशंकर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उमाशंकर सहाय बिहार के नवादा जिले के गोनावा, गोंदापुर के रहने वाले थे और राजेश्वर प्रसाद के पुत्र थे। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम छा गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि उमाशंकर कई वर्षों से भारी वाहनों पर काम कर रहे थे और घटना के समय अकेले टायर बदलने की तैयारी कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।


