Ranchi : झारखंड में ठंड ने इस बार नवंबर के दूसरे सप्ताह में ही लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया है। रांची, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा समेत आसपास के ज्यादातर जिलों में तापमान अचानक लुढ़क गया है। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे पहाड़ी इलाकों जैसी ठिठुरन महसूस की जा रही है।
11 जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को झारखंड के 11 जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया। अलर्ट वाले जिले- रांची, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, गुमला, सिमडेगा, चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ है। इन जिलों में सुबह और शाम के समय तेज शीतलहर चलेगी और न्यूनतम तापमान 6–7 डिग्री तक रहने का अनुमान है।
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI (शनिवार के आंकड़े)
| शहर | अधिकतम/न्यूनतम तापमान | AQI |
| रांची | 25°C / 9°C | 208 |
| जमशेदपुर | 28°C / 11°C | 225 |
| धनबाद | 27°C / 12°C | 172 |
| बोकारो | 25°C / 10°C | 180 |
शाम 6 बजे के बाद बढ़ रही सर्द हवाएं
राज्य में लगभग हर जिले में शाम ढलते ही ठंडी हवाओं ने हाल बेहाल कर रखा है। जहां 24 घंटे पहले न्यूनतम तापमान 10–12 डिग्री था, वही अब 7–8 डिग्री के बीच जा पहुंचा है। इसके चलते लोगों को रात में भारी ठंड और सुबह घने कुहासे का सामना करना पड़ रहा है।

मॉर्निंग वॉकर्स को सतर्क रहने की अपील
तेज ठंड और कोहरे के कारण लोग अब सुबह जल्दी घरों से निकलने से बच रहे हैं। अधिकांश लोग सूरज निकलने के बाद, करीब 7 बजे के बाद ही मॉर्निंग वॉक कर रहे हैं। डॉक्टरों ने ठंड में जल्द बाहर ना निकलने और गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटे का तापमान रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटों में झारखंड के मौसम ने तीखी ठंड का एहसास बढ़ा दिया है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान खूंटी में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रातों में से एक रही। वहीं, चाईबासा में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिला। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि 17 नवंबर तक राज्यभर में ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है और ठंड में और बढ़ोतरी की संभावना है।
Also Read : श्रीनगर के नौगाम थाने में भीषण विस्फोट, छह की मौ’त, 24 से ज्यादा जख्मी

