Ranchi : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव को CM पद का उम्मीदवार और मुकेश सहनी को डिप्टी CM पद का उम्मीदवार घोषित करने पर झारखंड प्रदेश राजद ने बधाई दी है। प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने 23 अक्टूबर 2025 को प्रेस बयान जारी कर कहा कि यह फैसला बिहार की जनता के लिए स्वागतयोग्य है।
कैलाश यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी दोनों लोकप्रिय युवा चेहरे हैं। बिहार की जनता, खासकर 62 प्रतिशत युवा वर्ग, महागठबंधन को वोट देकर वर्तमान अक्षम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और कट्टरपंथी बीजेपी-एनडीए सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में 20 वर्षों और केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 वर्षों से एनडीए सरकार चल रही है, फिर भी राज्य में एक सुई का कारखाना तक नहीं खुल सका।
नीतीश-मोदी सरकार पर हमला
यादव ने आरोप लगाया कि नीतीश-मोदी की जोड़ी ने बिहार को पलायन, बेरोजगारी, शिक्षा, चिकित्सा, कानून व्यवस्था, सुरक्षा, उद्योग, विश्वविद्यालय, युवाओं को नौकरी, किसान-मजदूर की खुशहाल जिंदगी के मामले में बदहाल बना दिया। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में एक दूरदर्शी, तेज रफ्तार वाली प्रगतिशील युवा सरकार बनेगी, जो नौकरी, रोजगार, उद्योग, विश्वविद्यालय, शिक्षण संस्थान, तकनीकी शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र का विकास करेगी। इससे पलायन और बेरोजगारी रुकेगी।
बधाई में झारखंड राजद के नेता शामिल
बधाई देने वालों में प्रदेश अध्यक्ष व विधायक संजय सिंह यादव, श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्र. यादव, विधायक सुरेश पासवान, विधायक नरेश सिंह, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, पूर्व विधायक गौतम सागर राणा सहित प्रदेश के तमाम पदाधिकारी शामिल हैं। यादव ने कहा कि यह घोषणा बिहार में युवा सरकार बनने और नया बिहार का सपना साकार करने की दिशा में बड़ा कदम है।
Also Read : धनबाद में डायरिया का प्रकोप, एक बच्चे की मौ’त, 24 लोग प्रभावित


