Ranchi : झारखंड में मौसम अब पूरी तरह बदल रहा है। राजधानी सहित कई जिलों में सुबह-शाम ठंडी हवाएं चलने लगी हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक आसमान साफ रहेगा, क्योंकि अभी न तो राज्य में कोई मौसमी सिस्टम सक्रिय है और न ही बंगाल की खाड़ी में कोई निम्न दबाव क्षेत्र बना है।
दिवाली पर होगी गुलाबी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, दिवाली के बाद झारखंड में ठंड और बढ़ेगी। दिन में धूप तेज रहेगी, लेकिन सुबह-शाम गुलाबी ठंड का एहसास होगा। रांची, खूंटी, लोहरदगा और डाल्टनगंज में दिन का तापमान 27 से 29 डिग्री और रात का तापमान 17 से 18 डिग्री के बीच है। लातेहार में रात का तापमान 16 डिग्री तक पहुंच गया है, जिससे ठंड की शुरुआत साफ दिख रही है।
मॉनसून गया, आसमान साफ
झारखंड से मॉनसून अब पूरी तरह चला गया है। इसका असर साफ दिख रहा है- नीला आसमान, सुहावना मौसम और ठंडी हवाएं लोगों का मूड बेहतर बना रही हैं। रांची में लोग अब छतों से खूबसूरत सूर्यास्त का मजा ले रहे हैं। इस साल मॉनसून में 1 जून से अब तक 1266.6 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 50% ज्यादा है। रांची में 1586 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 70% अधिक है। हालांकि, पाकुड़, सिमडेगा और गोड्डा में 30-35% कम बारिश हुई।

Also Raed : BREAKING : कुख्यात सुजीत सिन्हा गैंग के साथ रांची पुलिस की मुठभेड़, आफताब को लगी गोली