Ranchi : शारदीय नवरात्रि के दौरान झारखंड में मौसम सुहाना बना हुआ है। महाषष्ठी और महासप्तमी पर धूप-छांव का खेल चलता रहा, जिससे मौसम खुशनुमा रहा, लेकिन बारिश नहीं हुई। मंगलवार को महाअष्टमी के दिन भी बारिश की संभावना कम है। हालांकि, मौसम विभाग ने 1 अक्टूबर से मौसम में बदलाव की भविष्यवाणी की है।
1 अक्टूबर से बदलेगा मौसम
मौसम केंद्र रांची के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में मंगलवार से ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 1 अक्टूबर को निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है, जिससे झारखंड में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। 2 अक्टूबर को धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और वज्रपात की भी संभावना है।
3 अक्टूबर को भी बारिश का अलर्ट
3 अक्टूबर को गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

तापमान में गिरावट की संभावना
मौसम विभाग ने 1 अक्टूबर से तापमान में कमी का अनुमान जताया है। बारिश बढ़ने के साथ अधिकतम तापमान 34 डिग्री से घटकर 29 डिग्री तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान में भी 2 डिग्री की गिरावट हो सकती है।
अगले चार दिनों का तापमान अनुमान
- मंगलवार (30 सितंबर) : अधिकतम 34°C, न्यूनतम 26°C
- बुधवार (1 अक्टूबर) : अधिकतम 32°C, न्यूनतम 25°C
- गुरुवार (2 अक्टूबर) : अधिकतम 30°C, न्यूनतम 24°C
- शुक्रवार (3 अक्टूबर) : अधिकतम 29°C, न्यूनतम 24°C
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और भारी बारिश व आंधी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। नवरात्रि के उत्सव के बीच मौसम के बदलते मिजाज का ध्यान रखें।
Also Read : नवरात्रि 2025 : अष्टमी तिथि पर मां महागौरी की पूजा… जानें महत्व और पूजन विधि