
Ranchi : झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बीती शाम राजधानी रांची, खूंटी, हजारीबाग और पूर्वी सिंहभूम में अचानक तेज गर्जना और बिजली चमकने लगी, जिससे लोग घबरा गए। कई इलाकों में बिना बारिश के ही तेज बिजली कड़कने लगी, जिससे घरों के अंदर बैठे लोग भी डर गए।
25 सितंबर तक छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में 25 सितंबर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। हालांकि बारिश रुकने के बाद उमस और गर्मी बढ़ सकती है। 22 सितंबर के बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की उम्मीद है।
बारिश के आंकड़े हैरान करने वाले
इस बार रांची में अब तक 1423 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 47% ज्यादा है। हालांकि कुछ जिलों में अब भी बारिश की कमी बनी हुई है जैसे देवघर में 13%, गढ़वा में 6%, गोड्डा में 10%, हजारीबाग में 2%, पाकुड़ में 26% और सिमडेगा में 1% कम बारिश दर्ज की गई है।
दुर्गा पूजा की तैयारियों पर असर
लगातार बारिश की वजह से दुर्गा पूजा की तैयारियां भी प्रभावित हो रही हैं। कई जगहों पर पंडालों का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो पाया है। बारिश के कारण कारीगरों को काम करने में दिक्कत हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार पूजा में श्रद्धालुओं को छाता लेकर निकलना पड़ सकता है।
Also Read : टंडवा में फ्लाई एश लोडिंग साइट पर फा’यरिंग, बाल-बाल बचा ट्रक चालक