
Ranchi : रांची मध्यस्थता केंद्र में 4 साल पुराने एक पारिवारिक विवाद को सुलझा लिया गया। ओ.एम. वाद संख्या 457/2023 को अधिवक्ता मध्यस्थ अमरेंद्र कुमार ओझा, प्रथम पक्ष के अधिवक्ता प्रिंस कश्यप और द्वितीय पक्ष के अधिवक्ता पप्पु कुमार के संयुक्त प्रयासों से हल किया गया। डालसा सचिव रवि कुमार भास्कर ने इस मामले को सुलझाने का निर्देश दिया था।
क्या था मामला?
सगुफता आफरीन ने अपने पति फिरोज अंसारी के खिलाफ भरण-पोषण का वाद दायर किया था। दोनों की शादी मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी, लेकिन आपसी विवाद के कारण वे 3-4 साल से अलग रह रहे थे। यह मामला राजेश कुमार सिंह, अतिरिक्त प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय-2 से मध्यस्थता केंद्र भेजा गया था।
मध्यस्थता से बनी बात
अमरेंद्र कुमार ओझा, प्रिंस कश्यप और पप्पु कुमार ने 3-4 सिटिंग में दोनों पक्षों को समझाया। इसके बाद दंपति फिर से साथ रहने को राजी हो गए। उनके एक बेटा और एक बेटी है। दोनों ने वादा किया कि वे पुराने विवाद भूलकर एक-दूसरे और परिवार का सम्मान करेंगे। पति अपनी पत्नी की जरूरतों का ध्यान रखेगा और पत्नी भी पति का सम्मान करेगी। दोनों मिलकर बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने पर ध्यान देंगे।
डालसा सचिव ने दी शुभकामनाएं
मामला सुलझने के बाद डालसा सचिव रवि कुमार भास्कर ने दोनों पक्षों को बुके देकर उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “आप लोग बच्चों की परवरिश पर ध्यान दें ताकि वे भविष्य में आपकी मदद कर सकें। आगे से विवाद न करें।”
Also Read : नीमडीह में नकली अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार