Ranchi: RPF रांची ने विशेष सतर्कता अभियान के तहत 45.6 किलो गांजा बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देशानुसार दिनांक 12 सितंबर 2025 को आरपीएफ रांची पोस्ट एवं फ्लाइंग टीम ने नामकुम रेलवे स्टेशन पर अवैध वस्तुओं एवं TOPB अपराधियों की जांच हेतु विशेष छानबीन अभियान चलाया।
जांच के दौरान प्लेटफार्म-01 मूरी छोर पर संदिग्ध अवस्था में भारी सामान से भरे बैग लिए चार व्यक्तियों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान निरहौ राम, राहुल पटेल, रतन राम और कयामुद्दीन अंसारी बताई। प्रारंभ में आरोपियों ने बैग में व्यक्तिगत कपड़े व दैनिक उपयोग की चीजें होने की बात कही, लेकिन जब बैग चेक किया गया तो कयामुद्दीन अंसारी ने खुद स्वीकार किया कि बैग में गांजा रखा है। तत्पश्चात सभी चारों को गिरफ्तार कर आरपीएफ रांची के एएससी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में DD किट और वज़न मशीन की मदद से औपचारिक जांच की गई। कुल 45.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित मूल्य 4,56,000 रुपये आंकी गई।
सभी आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूरी कर एसआई सोहन लाल की देखरेख में उपस्थित गवाहों के सामने गांजा जब्त किया गया। गिरफ्तार चारों आरोपियों को आगे की कार्रवाई हेतु GRP रांची के हवाले कर दिया गया। मामले में दिनांक 13 सितंबर 2025 को मुकदमा दर्ज किया गया।
इस कार्यवाही में RPF रांची के कई अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे। फ्लाइंग टीम में हेड कांस्टेबल दिनेश प्रसाद और कांस्टेबल प्रदीप कुमार शामिल रहे। आरपीएफ रांची की इस कार्यवाही से अवैध नशा तस्करी पर बड़ी चोट लगी है।