Ranchi : अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर झारखंड की बेटियों ने राज्य को गर्व से सिर ऊंचा करने का मौका दिया है। झारखंड की जूनियर महिला हॉकी टीम ने 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में मजबूत हरियाणा टीम को 2-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया। इस ऐतिहासिक जीत से झारखंड ने लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया है।
स्वीटी डुंगडुंग बनीं गोल मशीन
झारखंड की तरफ से मैच की शुरुआत से ही दबाव बनाया गया। 10वें मिनट में स्टार फॉरवर्ड स्वीटी डुंगडुंग ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। ये उनका टूर्नामेंट में पांचवां गोल था, जिससे वह सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी बन गईं। इसके दो मिनट बाद शांति कुमारी ने दूसरा गोल दागा और स्कोर 2-0 कर दिया।
हरियाणा की तरफ से 52वें मिनट में कीर्ति ने पेनाल्टी कॉर्नर से एक गोल जरूर किया, लेकिन झारखंड की दीवार जैसी डिफेंस ने उन्हें बराबरी का मौका नहीं दिया।
तीन वर्गों में चैंपियन बन रचा नया इतिहास
यह जीत सिर्फ एक खिताब नहीं, बल्कि एक इतिहास है। झारखंड की महिला हॉकी टीम इस साल सीनियर, जूनियर और सब जूनियर – तीनों वर्गों में राष्ट्रीय चैंपियन बनी है। इससे पहले भी झारखंड 2018, 2019 और 2024 में चैंपियन रह चुका है, लेकिन इस बार की जीत ने राज्य के खेल इतिहास में ‘हैट्रिक गोल्डन चैप्टर’ जोड़ दिया है।
राज्यभर में जश्न, खिलाड़ियों को बधाइयों की बौछार
खेल विभाग और हॉकी झारखंड ने टीम को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी है और इसे राज्य के खेल इतिहास का स्वर्णिम पल बताया है। सोशल मीडिया पर भी खिलाड़ियों की तारीफ हो रही है।
Also Read : रांची से पुरी समेत कई रूटों पर वंदे भारत चलाने की तैयारी, यात्रियों को मिलेगी राहत
Also Read : झारखंड में 13 अगस्त को बारिश और तूफान की संभावना, अलर्ट जारी