Ranchi : दिशोम गुरु का पार्थिव शरीर मोरहाबादी स्थित उनके आवास पहुंच गया है। उनके आवास पर लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। हर कोई उनके अंतिम दर्शन को बेताब है। इससे पहले आज देर शाम दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर रांची पहुंचा। दिवंगत शिबू सोरेन के मुख्यमंत्री बेटे हेमंत सोरेन और विधायक बहू कल्पना सोरेन उनके पार्थिव शरीर को विशेष विमान से लेकर रांची पहुंचे। रांची एयरपोर्ट से उन्हें मोरहाबादी स्थित आवास ले जाया गया। इस दौरान एयरपोर्ट से लेकर उनके मोरहाबादी स्थित आवास तक सड़क के दोनों ओर लोग उनकी एक झलक पाने को बेताब दिखे। चाहने वाले उनके पार्थिव शरीर पर फूलों की बारिश कर रहे थे। “दिशोम गुरु अमर रहें… शिबू सोरेन अमर रहें” के नारे लगा रहे थे। कल यानी मंगलवार को उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़) ले जाया जायेगा। जहां दिन के तीन बजे उन्हें मुखाग्नि दी जायगी।
यहां याद दिला दें कि आज यानी सोमवार को भोर में दिशोम गुरु का निधन हो गया था। दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उन्होंने आखिरी हिचकी ली थी। उनके देहांत की खबर सीएम हेमंत सोरेन ने अपने X हैंडल पर शेयर की थी। उन्होंने लिखा था… “आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूँ…”
Also Read : सर गंगा राम अस्पताल पहुंचे राहुल गांधी, दिशोम गुरु को दी श्रद्धांजलि…