Ranchi : झारखंड में अगले 24 घंटों तक मौसम का कहर जारी रहने की आशंका है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) और हाइड्रोमेट डिवीजन की फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ की चेतावनी जारी की है।
12 जिलों में अचानक बाढ़ की चेतावनी
फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने सोमवार शाम 5:30 बजे तक रांची समेत 12 जिलों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) आने की आशंका जताई है। इन जिलों में शामिल हैं : गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, रांची, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो। इन जिलों में निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
आठ जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
रांची स्थित मौसम विभाग केंद्र ने आठ जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी संभावना है। ये जिले हैं : गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम।
मानसून ट्रफ डालटनगंज से होकर गुजर रहा
मौसम विभाग ने इनफार्मेशन दी है कि मानसून की ट्रफ रेखा फिलहाल झारखंड के डालटनगंज से होकर गुजर रही है, जिसका प्रभाव राज्य के कई हिस्सों में आज विशेष रूप से दिखाई देगा। बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, वहीं कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा भी हुई। लातेहार के चंदवा में सर्वाधिक 90.2 मिमी वर्षा हुई जबकि डालटनगंज में 19.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
Also Read : नगर थाना से चंद कदम दूर मुहर्रम जुलूस में दिखा ‘आग का खेल’, प्रशासनिक निर्देशों की उड़ी धज्जियां