Johar live desk: पंजाब के जालंधर में गुजरात पुलिस ने जालंधर कमिश्नरेट पुलिस के थाना भार्गव कैंप के एरिया में छापेमारी कर पाकिस्तान को सूचना देने वाले एक जासूस मोहम्मद मुर्तजा अली को गिरफ्तार किया है। गुजरात पुलिस जालंधर की सिटी पुलिस की मदद से इस तक पहुंची और गिरफ्तार किया गया। गुजरात पुलिस मोहम्मद मुर्तजा अली को अपने साथ लेकर गई। आइए जानते हैं इस मामले के बारे में सबकुछ।
चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड जब्त
गुजरात पुलिस और जालंधर की भार्गव कैंप पुलिस ने अवतार नगर में छापेमारी कर मोहम्मद मुर्तजा अली को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चार मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड भी जब्त किए गए हैं। मोहम्मद मुर्तजा अली ने जालंधर के गांधी नगर में किराए के मकान ले रखा था, वहीं पर वो रहता था।
ISI को मुहैया करवाता था जानकारी
जब भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में तनाव के हालात थे तो पाकिस्तान में भारतीय समाचार चैनल, वेबसाइट बंद हो गए थे। लेकिन मोहम्मद मुर्तजा अली सभी भारतीय समाचार चैनलों पर खबरें सुनता था और सारी जानकारी ISI को मुहैया करवाता था। जिसके जरिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI भारत के अंदर चल रहे हालात पर नजर रख रही थी। ये सारा काम अली खुद की बनाई एक मोबाइल ऐप के जरिए करता था, भारतीय चैनलों की सारी जानकारी वो इस ऐप में अपलोड करता था।
पाकिस्तान से काफी पैसा भी मांगा
जानकारी के मुताबिक, जासूस मुर्तजा अली ने इस ऐप का एक्सेस उपलब्ध कराने के लिए पाकिस्तान से काफी पैसा भी मांगा। प्राथमिक जांच में पता चला है कि मोहम्मद मुर्तजा अली ने चैनलों पर चल रही खबरों सहित अन्य और भी की जानकारियां पिछले कुछ दिनों में ISI को मुहैया करवाई थीं।