Ranchi : राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले कथित मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान देवाशीष मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी CCL, मेकॉन और NTPC जैसी बड़ी कंपनियों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से पैसे वसूलता था। इस मामले में अब तक 33 लाख रुपये की ठगी की बात सामने आई है।
फर्जी ईमेल बनाकर लोगों को फंसाता था
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाता था। वह प्रतिष्ठित सरकारी और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाकर नौकरी के ऑफर भेजता था। इसके बाद युवाओं और उनके परिवारों को यह भरोसा दिलाया जाता था कि नौकरी पूरी तरह पक्की है। “100 प्रतिशत गारंटी” का दावा कर उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी।
परिवार के खातों में मंगवाता था पैसे
पुलिस के मुताबिक, देवाशीष मिश्रा खुद को बचाने के लिए ठगी की रकम सीधे अपने बैंक खाते में नहीं मंगवाता था। जांच में पता चला कि वह पैसे अपने बेटे प्रियांशु मिश्रा, पत्नी ज्योति मिश्रा और बहन वंदना मिश्रा के बैंक खातों में ट्रांसफर करवाता था। इसी आधार पर पुलिस ने परिवार के अन्य सदस्यों को भी इस मामले में नामजद अभियुक्त बनाया है।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
इस मामले की शुरुआत शिकायतकर्ता सुदर्शन चौबे की लिखित शिकायत से हुई। सुदर्शन चौबे ने कांके थाना में आवेदन देकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की जानकारी दी थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया। ASP साक्षी जमुआर ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि यह गंभीर आर्थिक अपराध का मामला है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
तकनीकी और बैंक रिकॉर्ड की जांच
केस के अनुसंधान पदाधिकारी मोहम्मद कपिल अहमद ने बताया कि पुलिस अब बैंक ट्रांजैक्शन, तकनीकी साक्ष्य और डिजिटल रिकॉर्ड की गहराई से जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी और उसके गिरोह ने अब तक कितने लोगों को नौकरी का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया है। पुलिस की टीम अब मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
Also Read : महिला उत्पीड़न केस में गिरफ्तार ASI पर एसोसिएशन का एक्शन, संगठन से किया बर्खास्त


