Hazaribagh : हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र स्थित करसो पुल के पास मंगलवार को एक सनसनीखेज वारदात में अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हजारीबाग शहर के ओकनी निवासी विक्की सोनी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, विक्की सोनी अपने मित्र अभिषेक कुमार उपाध्याय के साथ केदारनाथ तीर्थ यात्रा पर जाने के लिए घर से निकले थे। उन्हें कोडरमा रेलवे स्टेशन पहुंचना था, जहां से ट्रेन पकड़कर आगे की यात्रा करनी थी। दोनों कार से स्टेशन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बरही थाना क्षेत्र के करसो पुल के पास उनकी कार का एक टायर अचानक पंचर हो गया।
टायर बदल रहे थे, तभी पहुंच गए अपराधी
अभिषेक कुमार उपाध्याय ने बताया कि टायर पंचर होने के बाद दोनों सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर टायर बदलने लगे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे। किसी तरह की बातचीत या विवाद किए बिना अपराधियों ने सीधे विक्की सोनी को निशाना बनाया और उनकी गर्दन में गोली मार दी। गोली लगते ही विक्की सड़क पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर ही हो गई मौत
स्थानीय लोगों की मदद से विक्की को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
पुलिस जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने मीडिया को बताया कि हत्या के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बरही भेज दिया है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस व्यक्तिगत दुश्मनी, आपराधिक रंजिश और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Also Read : बड़कागांव में कोयला परियोजना पर फायरिंग, कुख्यात राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेदारी


