Giridih : नगर थाना क्षेत्र के कोल्डीहा में शुक्रवार को हुआ सड़क हादसा सोमवार को बड़ा बवाल बन गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मो. नियाज अंसारी की रविवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। जैसे ही यह खबर इलाके में पहुंची, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित भीड़ ने गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग को कोल्डीहा के पास जाम कर दिया।
घंटों जाम, सड़क पर लगी गाड़ियों की लंबी कतार
सड़क जाम होते ही दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे, लेकिन प्रदर्शन कर रहे लोग मुआवजे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
मंत्री के पहुंचते ही बनी बात, खुला जाम
कई घंटों तक चले हंगामे के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बात की और हर संभव मदद का भरोसा दिया। मंत्री के आश्वासन के बाद ही लोगों ने जाम हटाया और धीरे-धीरे आवागमन सामान्य हो सका।
पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप, कार्रवाई के निर्देश
इस दौरान वार्ड पार्षद नूरुल होदा ने आरोप लगाया कि जब वे घटना के बाद नगर थाना आवेदन देने पहुंचे, तो वहां मौजूद एसआई विक्रम सिंह ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने वरीय अधिकारियों को संबंधित एसआई को निलंबित करने और जांच अधिकारी बदलने का निर्देश दिया।
परिजनों का आरोप: रॉन्ग साइड से आई बाइक ने मारी टक्कर
मृतक के परिजन मोईन अंसारी के मुताबिक, नियाज अंसारी घर से सड़क की ओर निकले थे, तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने रॉन्ग साइड से आकर उन्हें टक्कर मार दी। आरोप है कि घटना के बाद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नियाज अंसारी अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। अब परिवार के सामने भरण-पोषण की बड़ी चिंता खड़ी हो गई है। घटना के बाद घर में मातम पसरा हुआ है।
मुआवजा और मदद का भरोसा
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही बच्चों की पढ़ाई और परिवार की हर संभव मदद सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी नीरज सिंह, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह और मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
Also Read : रिश्तों की मर्यादा टूटी: ममेरे भाई ने बहन की ह’त्या कर की आत्मह’त्या

