Ramgarh : झारखंड के रामगढ़ जिले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे की संपत्ति चोरी कर ले जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से रेलवे ट्रैक में इस्तेमाल होने वाले 41 पेंड्रोल क्लिप बरामद किए गए हैं। आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गश्त के दौरान मिला संदिग्ध युवक
जानकारी के अनुसार आरपीएफ पोस्ट पतरातू की टीम नियमित गश्त और निगरानी अभियान पर निकली हुई थी। इस दौरान एसआई सोनू कुमार, एसआई प्रवीण कुमार और अन्य स्टाफ निरीक्षक प्रभारी अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम पतरातू रेलवे गेट से जयनगर अंडरपास की ओर जा रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 12:15 बजे अप लाइन के किनारे एक संदिग्ध व्यक्ति कंधे पर प्लास्टिक की बोरी लेकर जाता दिखाई दिया। शक होने पर आरपीएफ जवानों ने किलोमीटर संख्या 119/19-21 के बीच उसे घेरकर पकड़ लिया।
बोरी से मिले 41 पेंड्रोल क्लिप
तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद भूरे रंग की प्लास्टिक बोरी से रेलवे ट्रैक में उपयोग होने वाले कुल 41 पेंड्रोल क्लिप बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान तापेश्वर प्रजापति (35) के रूप में बताई। वह जयनगर कुम्हार टोला, थाना पतरातू, जिला रामगढ़ का रहने वाला है। आरपीएफ अधिकारियों ने जब उससे रेलवे सामग्री ले जाने से संबंधित वैध कागजात मांगे तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों के पास रखे लोहे के सामान को उठाया था और उसे ले जा रहा था। अपनी गलती मानते हुए वह माफी मांगने लगा।
जब्त की गई रेलवे संपत्ति
आरपीएफ ने बरामद रेलवे सामग्री की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार कर सभी पेंड्रोल क्लिप जब्त कर लिए गए। आरपीएफ अधिकारियों ने आरोपी को उसके अधिकारों की जानकारी देते हुए मानवाधिकार नियमों का पालन कर गिरफ्तार किया। इस मामले में आरपीएफ पोस्ट पतरातू में रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जिम्मेदारी एसआई सोनू कुमार को सौंपी गई है। आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।
Also Read : रेलवे ट्रैक का सामान चुराकर ले जा रहा था युवक, RPF ने 41 पेंड्रोल क्लिप के साथ दबोचा


