Hazaribagh : नगर निगम की दुकानों का वर्षों से किराया नहीं चुकाने वाले दुकानदारों पर अब कार्रवाई की तलवार लटक गई है। करोड़ों रुपये बकाया होने के बाद नगर निगम प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। निगम ने साफ कर दिया है कि अब नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। बुधवार को सहायक नगर आयुक्त विपिन कुमार ने राजस्व संग्रह को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में बकाया किराया वसूली को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
एक सप्ताह की मोहलत, फिर होगी कार्रवाई
नगर निगम प्रशासन ने बकायेदार दुकानदारों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि एक सप्ताह के भीतर बकाया राशि जमा कर दें। अगर तय समय में किराया जमा नहीं किया गया तो दुकानों को सील कर दिया जाएगा।इसके साथ ही निगम उन दुकानों का नए सिरे से आवंटन करने की प्रक्रिया भी शुरू करेगा। निगम के इस फैसले के बाद दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।
3.50 करोड़ रुपये से ज्यादा बकाया
समीक्षा बैठक में बताया गया कि नगर निगम क्षेत्र में 21 जगहों पर करीब एक हजार से ज्यादा म्युनिसिपल दुकानें संचालित हैं। इन दुकानों पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल बकाया राशि लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये पहुंच चुकी है।सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि 400 से ज्यादा दुकानदार ऐसे हैं जिनका किराया दो साल से अधिक समय से लंबित है। इनमें कई दुकानदारों पर 50 हजार रुपये से ज्यादा का बकाया है। बैठक में मटवारी स्थित म्युनिसिपल शॉप की स्थिति पर भी चिंता जताई गई। यहां करीब 158 दुकानों पर 51 लाख रुपये से अधिक का बकाया है। अधिकारियों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए जल्द कार्रवाई की बात कही।
आज से चलेगा विशेष वसूली अभियान
सहायक नगर आयुक्त विपिन कुमार ने शुक्रवार से विशेष राजस्व वसूली अभियान चलाने का निर्देश दिया है। अधिकारियों से कहा गया है कि बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने साफ कहा कि निगम की संपत्तियों का उपयोग कर व्यापार करने वाले दुकानदार अगर समय पर किराया नहीं देंगे तो उनके खिलाफ सीधे कानूनी कार्रवाई होगी। बैठक में नगर प्रबंधक सह नोडल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार, राजस्व निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह, तहसीलदार सूरज कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। निगम प्रशासन का कहना है कि राजस्व वसूली अभियान लगातार चलाया जाएगा।
Also Read : जामताड़ा महिला थाना से अचानक गायब हो गई महिला, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

