Jamtara : जामताड़ा के मिहिजाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्तौल, एक खाली मैगजीन, 8 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान 19 वर्षीय राहुल राज के रूप में हुई है, जो मिहिजाम के कानगोई इलाके का रहने वाला बताया गया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हासीपहाड़ी स्थित पहाड़ी शिव मंदिर के पास एक युवक संदिग्ध हालत में घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक छापामारी टीम का गठन किया गया और मौके पर पुलिस पहुंची।
पुलिस को देखते ही भागने लगा युवक
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागोरी ने बताया कि पुलिस टीम ने पूरी पहाड़ी को घेर लिया। इसी दौरान युवक पुलिस को अपनी ओर आते देखकर भागने लगा। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
तलाशी में हथियार और कारतूस बरामद
पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देसी पिस्तौल, एक खाली मैगजजीन, 8 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके बाद युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मिहिजाम थाना में कांड संख्या 17/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले भी केस दर्ज है।
छापामारी दल में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में मिहिजाम थाना प्रभारी बिवेकानंद दुबे, एसआई किशन कुमार, गुलशन कुमार सिंह, एएसआई सुबेदार प्रसाद, आरक्षी दीपक कुमार साह, निरोज मुर्मू, मनबोध कुमार सिंह, रजनीश कुमार और राजीव आनंद शामिल थे।
Also Read : रांची में चोरी और चेन छिनतई का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, कई सामान बरामद


