Ranchi : झारखंड के लिए गर्व की बात है कि राज्य के युवा शतरंज खिलाड़ी अधिराज मित्रा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप 2025 (अंडर-14) में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अधिराज ने शनिवार को कांके रोड, रांची स्थित सीएम आवासीय कार्यालय में सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की।
मलेशिया में जीता गोल्ड, साझा किए अनुभव
अधिराज मित्रा ने 7 से 16 नवंबर 2025 तक मलेशिया में आयोजित राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था। इस प्रतियोगिता में राष्ट्रमंडल देशों के कई मजबूत और अनुभवी खिलाड़ियों ने भाग लिया था। सीएम से मुलाकात के दौरान अधिराज ने बताया कि यह मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन उन्होंने आत्मविश्वास और तैयारी के दम पर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

जमशेदपुर के लोयला स्कूल के छात्र हैं अधिराज
अधिराज जमशेदपुर के रहने वाले हैं और लोयोला स्कूल जमशेदपुर में 8वीं कक्षा के छात्र हैं। इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड जीतना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। उनकी इस कामयाबी से परिवार के साथ-साथ पूरा राज्य गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
सीएम ने दी बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
सीएम हेमंत सोरेन ने अधिराज को इस शानदार उपलब्धि के लिए दिल से बधाई दी। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों में प्रतिभा और जुनून की कोई कमी नहीं है। राज्य के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। सीएम ने अधिराज के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भरोसा जताया कि वे आगे भी देश और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
Also Read : बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व : होली की पौराणिक कथाएं जो आज भी देती हैं संदेश

