Ranchi : क्रिसमस से पहले झारखंड सरकार ने रांची जिले की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत नवंबर महीने की राशि लाभुकों के खातों में भेज दी गई है। इस योजना के अंतर्गत रांची जिले की 3 लाख 93 हजार 84 महिलाओं को 2,500 रुपये प्रति महिला की सहायता दी गई है। यह राशि आधार से जुड़े बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेजी गई। कुल मिलाकर सरकार ने 98 करोड़ 27 लाख 10 हजार रुपये का भुगतान किया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, सबसे ज्यादा लाभुक कांके प्रखंड में रहे, जहां 31,781 महिलाओं के खातों में पैसे पहुंचे। इसके बाद सदर शहरी क्षेत्र में 25,038, मांडर में 23,308, सिल्ली में 21,390 और बेड़ो में 20,761 महिलाओं को योजना का लाभ मिला।
अन्य प्रखंडों में भी बड़ी संख्या में महिलाओं को राशि मिली। चान्हो, रातू, तमाड़, ओरमांझी, अनगड़ा और बुढ़मू प्रखंडों में हजारों महिलाओं के खातों में भुगतान किया गया है। वहीं शहरी इलाकों जैसे अरगोड़ा, हेहल, नगड़ी, नामकुम और बड़गाईं में भी योजना का लाभ पहुंचा है।
इस अवसर पर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि क्रिसमस प्रेम और खुशियां बांटने का त्योहार है। महिलाओं के खातों में सम्मान राशि भेजना राज्य सरकार की संवेदनशील सोच को दिखाता है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और सुरक्षा को भी बढ़ा रही है।
Also Read : जामताड़ा में घने कोहरे का असर, सड़कों पर थमी रफ्तार


