Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा में बुधवार सुबह घने कोहरे का व्यापक असर देखने को मिला। देर रात से शुरू हुआ कोहरा सुबह होते-होते और गहरा हो गया, जिससे सड़कों पर यातायात काफी धीमा पड़ गया। दृश्यता घटकर करीब 20 मीटर रह गई, जिसके कारण बड़े और छोटे सभी वाहनों को बेहद धीमी गति से चलना पड़ा।
घने कोहरे के बीच स्कूल वाहन भी रेंगते हुए नजर आए। कोहरे और ठंड के चलते सुबह के समय सड़कें लगभग खाली दिखाई दीं। कामकाजी लोग भी दिन चढ़ने तक घरों में ही रहे। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि आर्द्रता 80 प्रतिशत मापी गई।
सुबह के हालात को देखते हुए दिनभर धूप निकलने की संभावना कम नजर आ रही है। लगातार बढ़ती ठंड और घने कोहरे से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
Also Read : झारखंड में बढ़ी ठंड, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट


