Bokaro : झारखंड के बोकारो जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के हुरलुंग पंचायत के जोभिया टोला में शुक्रवार देर रात एक महिला का शव संदिग्ध हालात में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान प्रमिला देवी के रूप में हुई है, जो अजय महतो उर्फ टेकलाल महतो की पत्नी थीं।
बेटी ने दी परिजनों को सूचना
बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे मृतका की बेटी ने अपने नाना-नानी को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामला सामने आया।
परिजनों का आरोप, पति ही जिम्मेदार
मृतका के परिजनों ने उसके पति अजय महतो उर्फ टेकलाल महतो पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया गया कि टेकलाल महतो विदेश में काम करता था और करीब एक महीने पहले ही घर लौटा था।
मायका विष्णुगढ़ में, पुलिस कर रही पूछताछ
मृतका का मायका विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के भेलवारा पंचायत के गोलगो गांव में है। सूचना मिलते ही चतरोचट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतका की बेटी समेत अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
Also Read : सीएम बनते ही बदला अंदाज, 48 घंटे में सम्राट ने दिखाया BJP स्टाइल


