Dhanbad : धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड में पांच जंगली हाथियों के झुंड ने तबाही मचाई। इस झुंड में एक बच्चा हाथी भी था। हाथी गिरिडीह जिले के पीरटांड़ क्षेत्र से टुंडी प्रखंड में पहुंचे। हाथियों ने देर रात डंडाटांड़ के रास्ते दलुगोड़ा गांव में आतंक मचाया। उन्होंने रामलाल मुर्मू के घर की दीवार तोड़कर अंदर घुसकर धान की फसल खा ली और बाकी अनाज इधर-उधर बिखेर दिया। घटना के समय घर में रामलाल की पत्नी चंदोली मुर्मू और उनकी तीन बेटियां संजोती, सेवान्ती और समिता सो रही थीं। सभी सुरक्षित रहे क्योंकि रामलाल घर पर नहीं थे।
घटना की सूचना मिलने पर मशालचियों की टीम तुरंत पहुंची और कई प्रयासों के बाद हाथियों को गांव से खदेड़कर चीना पहाड़ी की ओर भेजा गया। भाजपा टुंडी मंडल अध्यक्ष गोविन्द टुडू शुक्रवार सुबह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और वन विभाग व प्रशासन से जल्द मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को राहत के रूप में अनाज और गर्म कपड़े भी उपलब्ध कराए जाएं। हाथियों के इस उत्पात ने पूरे इलाके में डर का माहौल बना दिया है।
Also Read : निगरानी टीम के हत्थे चढ़े रिश्वतखोर अधिकारी


