झारखंड में सबसे पहले किसे मिलेगी कोरोना वैक्सीन, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने दी जानकारी

Joharlive Team

रांची। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि बीते दिनों कोरोना टीकाकरण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ बैठक में चर्चा हुई है। कोरोना वैक्सीन के लिए केंद्र सरकार ने भी दिशानिर्देश जारी किए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि चार चरणों में टीकाकरण किया जाएगा। पहले चरण में फ्रंटलाइन वर्क्स जैसे स्वास्थ्यकर्मी, पुलिसकर्मी और पचास साल से ज्यादा उम्र के मरीजों को कोरोना का टीका दिया जाएगा। ऐसे लोगों को चिन्हित कर डेटाबेस तैयार किया जा रहा है। हालांकि इसके लिए कोई संख्या तय नहीं की गई है। दूसरे चरण में आम लोगों को शामिल किया जा सकता है. इसी तरह तीसरे और चौथे चरण में सभी लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य है।

कोरोना वैक्सीन को खास तापमान पर रखा जाता है। इसके लिए सभी चौबीस जिलों के अधिकारियों को मुख्यमंत्री का निर्देश भेजा जा चुका है। कोल्ड सप्लाई चेन सुनिश्चित करने के लिए भी तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए वर्तमान में उपलब्ध संसाधन काफी रहा तो अच्छी बात होगी, नहीं तो अलग से व्यवस्थाएं करनी होगी। वैक्सीन आने के बाद तय होगा कि उसे कितने तापमान में रखा जाता है, इसके बाद तमाम व्यवस्था की जाएगी, फिलहाल शुरुआती इंजताम किए गए हैं। टीकाकरण के बड़ी संख्या में मानव संसाधन की जरूरत होगी। बन्ना गुप्ता ने बताया कि प्रदेश के सभी लोगों तक इसका लाभ पहुंचे, इसके लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।