Ranchi : झारखंड में गर्मी ने अब अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और लू जैसे हालात बनते जा रहे हैं। हालांकि रविवार शाम को रांची, बोकारो और पूर्वी सिंहभूम में हुई हल्की से मध्यम बारिश ने कुछ राहत जरूर दी।
डाल्टनगंज में सबसे ज्यादा गर्म
पिछले 24 घंटे में बोकारो में 27 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे कुछ समय के लिए मौसम सुहावना हो गया। वहीं, डाल्टनगंज में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे अधिक दर्ज किया गया।
आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा?
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के चलते अगले कुछ दिनों में झारखंड में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बारिश की संभावना बनी हुई है। सोमवार शाम तक रांची, धनबाद, बोकारो, साहिबगंज, गोड्डा, जामताड़ा, कोडरमा, गिरिडीह, दुमका, पूर्वी-पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट संभव है, और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। हालांकि पलामू, गढ़वा, चतरा और लोहरदगा में बारिश की संभावना काफी कम है।
सुबह-शाम राहत, दोपहर में बेहाल करेंगे गर्मी के तेवर
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि सुबह और दोपहर में तेज धूप से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। दोपहर में तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ सकता है।
2 से 5 जून तक का पूर्वानुमान
2 और 3 जून : राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना।
4 और 5 जून : उत्तरी झारखंड और मध्य भागों में भी बारिश की संभावना। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन 5 जून के बाद इसमें किसी विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
झारखंड में फिलहाल मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है।
Also Read : आदिवासियों पर गोलियां चलवाने वाले बाबूलाल मांगें माफी : सुप्रियो