Giridih : गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 और 28 में पिछले छह महीनों से चल रही पेय-जल समस्या को लेकर बुधवार को स्थानीय लोगों का धैर्य जवाब दे गया। पानी की किल्लत से परेशान महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्गों ने निगम कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। लोग खाली बाल्टी, टब, देगची और बर्तन बजाते हुए नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई महीनों से बस्ती में पानी की भारी कमी है। कई बार नगर निगम को शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना था कि पानी की कमी से खाना बनाना, सफाई, स्नान और पीने का पानी सब प्रभावित हो रहा है। कई परिवार पानी खरीदकर काम चला रहे हैं, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
लोगों का आरोप है कि नगर निगम सिर्फ आश्वासन देता है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं दिखता। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं मिला तो आंदोलन और भी बड़ा और उग्र किया जाएगा।
विरोध की जानकारी मिलते ही नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनीं। उप-आयुक्त प्रशांत लायक ने कहा कि पानी की आपूर्ति के लिए संबंधित वार्डों से आवेदन और टैक्स जमा करना जरूरी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रक्रिया पूरी होते ही जल की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
Also Read : इंडी गठबंधन की सरकार मजबूत, हेमंत सोरेन किसी दबाव में नहीं झुकेंगे : मंत्री डॉ. इरफान अंसारी


