Jamtara : भाजपा की संथाल परगना प्रमंडल स्तरीय बैठक का आयोजन जामताड़ा के एक निजी होटल में किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री व राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सेवा पखवाड़ा के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। प्रदीप वर्मा ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होकर गांधी-शास्त्री जयंती तक चलेगा। इस दौरान अलग-अलग तिथियों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अंतर्गत जिला स्तर पर विशेष मेले और प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों, लघु उद्योगों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा।
2 अक्टूबर को खादी वस्त्र खरीदने और पहनने के लिए भी जनता को प्रेरित किया जाएगा। सरोज सिंह ने बताया कि सभी भाजपा कार्यकर्ता खादी का वस्त्र खरीदकर उसे सोशल मीडिया पर साझा करेंगे ताकि स्वदेशी वस्त्रों को बढ़ावा मिल सके।
जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने बताया कि जामताड़ा जिले में भी सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत 17 सितंबर को भाजयुमो द्वारा रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर और महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री मितेश साह ने किया, वहीं धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने किया। बैठक में संथाल परगना के सभी जिलों से प्रमुख कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।