Ranchi : रांची में उत्पाद विभाग की जवाबदेही से नकली शराब की बड़ी खेप बाजार में पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गई। विभाग ने जिले के तीन थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर करीब 1000 पेटी अवैध शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि रांची में बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब की सप्लाई की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही विभाग ने विशेष टीम बनाकर कार्रवाई शुरू की। इसके बाद नगड़ी, रातू और धुर्वा थाना क्षेत्र में एक साथ छापेमारी की गई। रेड के दौरान टीम ने करीब 1000 पेटी नकली शराब जब्त की, जिसमें करीब 850 लीटर शराब भरी हुई थी।
मौके से तस्कर गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान उत्पाद विभाग ने राहुल नायक नाम के एक तस्कर को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के मुताबिक पूछताछ में कई अन्य शराब कारोबारियों के नाम सामने आए हैं, जो नकली शराब बनाने और बाजार में खपाने का काम करते हैं। सहायक उत्पाद आयुक्त उमा शंकर सिंह ने बताया कि नकली शराब को रांची से दूसरे जिलों में भेजने की तैयारी थी। समय रहते सूचना मिलने के बाद विभाग ने कार्रवाई कर पूरी खेप जब्त कर ली। छापेमारी के दौरान एक कार और दो पिकअप वैन भी जब्त किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल शराब ढोने में किया जा रहा था।
हर बड़े ब्रांड की नकली शराब बरामद
बरामद शराब में कई नामी ब्रांड की नकली बोतलें मिली हैं। क्वार्टर, हाफ और फुल बोतलों में शराब पैक की गई थी। इतना ही नहीं, सभी बोतलों पर असली जैसे रैपर और स्टिकर लगाए गए थे, ताकि बाजार में आसानी से बेचा जा सके और लोगों को शक न हो। उत्पाद विभाग का कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत है। गिरफ्तार तस्कर से मिली जानकारी के आधार पर अब पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है। अधिकारियों ने कहा कि नकली शराब सिर्फ कानून तोड़ने का मामला नहीं है, बल्कि यह लोगों की जिंदगी से भी जुड़ा खतरा है। ऐसे कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
