Chaibasa : चक्रधरपुर प्रखंड के बोडदा गांव में 38 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली सड़क चौड़ीकरण योजना का ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। उलीडीह मोड़ से चैनपुर चौक तक लगभग 14 किलोमीटर लंबी इस सड़क के लिए भूमि अधिग्रहण का नोटिस जारी किया गया है।
जिला भू-अर्जन विभाग के अनुसार, सड़क के मध्य से दोनों ओर 26-26 फीट भूमि अधिग्रहित की जाएगी। इस अधिग्रहण से बोडदा गांव के 47 ग्रामीणों के मकान प्रभावित होंगे। ग्रामीणों ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया और विरोध प्रदर्शन किया।
गांव के मुखिया साहेब हेंब्रम ने बताया कि उन्होंने वर्षों की मेहनत से अपने घर बनाए हैं। वे विकास के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन ऐसा विकास स्वीकार्य नहीं है जिससे लोग बेघर हो जाएं। ग्रामीणों ने सरकार से अनुरोध किया कि गांव को बचाते हुए सड़क का बाईपास मार्ग बनाया जाए, ताकि विकास भी हो और उनके घर भी सुरक्षित रहें।
ग्रामीण जल्द ही प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से DC से मुलाकात करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने ठोस समाधान नहीं निकाला, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Also Read : 1 जनवरी को श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए देवघर में अलर्ट जारी


