Chatra : चतरा जिले में हुए चर्चित विकास कुमार हत्याकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेम-प्रसंग से उपजे विवाद के कारण इस हत्या की साजिश रची गई थी।
कोर्ट से लौटते समय मारी गई थी गोली
पुलिस के अनुसार, 13 मार्च की शाम करीब 6 बजे केरेडारी थाना क्षेत्र के सलगा गांव का रहने वाले विकास कुमार चतरा कोर्ट में हाजिर होने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान चतरा के जवाहर नवोदय विद्यालय से लगभग 100 मीटर दूरी पर अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल विकास कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
घटना की सूचना मिलते ही चतरा एसपी सुमित अग्रवाल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सदर एसडीपीओ संदीप सुमन के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया। टीम ने तेजी से जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मानवीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण महज 12 घंटे के भीतर इस हत्या में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रेम-प्रसंग से जुड़ा निकला मामला
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह हत्या प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद का परिणाम है। इसी विवाद को लेकर साजिश रची गई और विकास कुमार की गोली मारकर हत्या करवा दी गई।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में लीला देवी (38 वर्ष) और राजेश घांसी (36 वर्ष) शामिल हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, इस घटना में कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
छापामारी दल में ये अधिकारी थे शामिल
इस कांड का खुलासा करने में सदर एसडीपीओ संदीप सुमन, सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह, एसआई कासिम अंसारी और एसआई मनीष कुमार की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also Read : सरहुल, रामनवमी और ईद को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, पीसीआर कर्मियों को सख्त निर्देश

