Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार सुबह 5 बजे से जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में नगड़ी, नामकुम और बेड़ो थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में वाहनों की जांच की गई और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की गई।
153 वाहनों की हुई जांच
अभियान के दौरान कुल 153 वाहनों के कागजातों की जांच की गई। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 24 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इन वाहनों पर कुल 7,64,154 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
किन-किन मामलों में हुई कार्रवाई
जांच के दौरान कई तरह की गड़बड़ियां सामने आईं, जिनमें शामिल हैं:
- टैक्स बकाया
- फिटनेस प्रमाणपत्र फेल
- इंश्योरेंस नहीं होना
- प्रदूषण प्रमाणपत्र का अभाव
- बिना परमिट वाहन संचालन
- ओवरलोडिंग
इन सभी मामलों में संबंधित वाहनों पर जुर्माना लगाया गया।
स्कूल में सड़क सुरक्षा पर जागरूकता
अभियान के साथ-साथ जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया गया। बुंडू एसडीओ किस्टो बेसरा और डीटीओ अखिलेश कुमार ने एदलहातू स्थित सिंबोसिस पब्लिक स्कूल में छात्रों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी।
इस दौरान विद्यार्थियों ने हेलमेट पहनने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की शपथ ली।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
परिवहन विभाग ने साफ किया है कि इस तरह के सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : CBSE Class 10 Results: मिठाई बेचने वाले के बेटे का कमाल : 4 घंटे पढ़ाई कर बना जिला टॉपर

