उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बुधवार शाम जिम से बाहर निकलते ही उन पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हमले में अंकित बालियान गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और पुलिस ने जांच तेज कर दी है.
जिम से निकलते ही हमला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंकित बालियान बुधवार 26 अगस्त की शाम शामली में जिम में वर्कआउट करने के बाद बाहर निकले थे. वह अपनी गाड़ी की तरफ जा रहे थे, तभी 3 से 4 हमलावरों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं. हमले में करीब 18 से 20 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. गोली लगने के बाद अंकित को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया. हालांकि, डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी.
27 अगस्त को हरियाणवी सिंगर के शव को पोस्ट-मार्टम के बाद उनके स्थानीय गांव में भेज दिया गया है और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गांव में भारी पुलिस की तैनाती की गई है.
गोगी गैंग के नाम से वायरल पोस्ट की जांच
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुआ, जिसमें गोगी गैंग के नाम से अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया. पुलिस इस वायरल पोस्ट की सच्चाई की जांच कर रही है. पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हत्या के पीछे पुरानी रंजिश समेत कई संभावित एंगल से जांच की जा रही है.
पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं. जांच के लिए कई पुलिस टीमें बनाई गई हैं और अलग-अलग जगहों पर सुराग तलाशे जा रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए हर संभावित एंगल की जांच की जा रही है.
हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में बनाई थी पहचान
अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सिंगर और यूट्यूबर के रूप में अपनी पहचान बना चुके थे. उनके कई गाने सोशल मीडिया और यूट्यूब पर लोकप्रिय रहे. उनका चर्चित गाना भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान भी काफी चर्चा में रहा था. अब उसी सिंगर की गोली मारकर हत्या ने उनके प्रशंसकों और हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है.
Also Read : ‘हर हक की आवाज को नक्सलवाद कहना बंद करे भाजपा’: विनोद पांडेय


