जोहार लाइव ब्यूरो
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की बातचीत के बीच दोनों दलों के बीच तल्खी के संकेत मिलने लगे हैं. सपा की ओर से कांग्रेस के लिए 26 सीटों की सूची सामने आने के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जतायी है. एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने सपा के इस कदम पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें यह समझ नहीं आ रहा है कि आखिर इस तरह सीटों की घोषणा कैसे कर दी गयी.
इमरान मसूद ने कहा कि इस मामले में अंतिम फैसला कांग्रेस पार्टी को ही लेना होगा. उन्होंने सवाल उठाया, “क्या हम भिखारी हैं? क्या आप हमारे साथ ऐसा बर्ताव करेंगे? हमने तो आपसे सीटों की मांग भी नहीं की थी और आपने 26 सीटों की घोषणा कर दी.” उन्होंने कहा कि अगर बातचीत का तरीका अपनी शर्तें थोपने वाला होगा, तो उनके जैसे स्वाभिमानी व्यक्ति के लिए इसे समझना मुश्किल है.
सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर सोमवार को दिल्ली में बातचीत शुरू हुई थी. इसी दौरान सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों की सूची दिये जाने की बात सामने आयी थी.
इसके बाद मंगलवार को सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “जीतने वाली 26 सीटों से हुई है शुरुआत, मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात.” इस बयान के बाद सीटों के बंटवारे को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गयी.
इन 26 सीटों को लेकर हो रही चर्चा
सपा की ओर से कांग्रेस के लिए जिन 26 सीटों का प्रस्ताव दिये जाने की बात कही जा रही है, उनमें रामपुर खास, फरेंदा, मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर, किदवई नगर, बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं. बताया जा रहा है कि ये सीटें पहले सोशल मीडिया पर प्रसारित सपा की कथित 54 सीटों वाली सूची में भी शामिल थीं.
इमरान मसूद की नाराजगी से सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की बातचीत में आपसी सहमति और सम्मान का मुद्दा भी सामने आया है. जहां सपा 26 सीटों से बातचीत की शुरुआत करने की बात कह रही है, वहीं कांग्रेस सांसद ने बिना औपचारिक मांग के सीटों की घोषणा करने के तरीके पर सवाल उठाये हैं.
No comments yet. Be the first to comment!