जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और रेल कनेक्टिविटी को लेकर झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स ने केंद्र सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं. चेंबर के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात कर रांची में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना और अहमदाबाद-रांची के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने का आग्रह किया.
प्रतिनिधिमंडल ने अहमदाबाद के लिए सुपरफास्ट या अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मांग की. इसपर चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि गुजरात और झारखंड के बीच सीधी रेल सेवा नहीं होने से व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
चेंबर अध्यक्ष ने अहमदाबाद और रांची के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने के लिए संभावित मार्ग का सुझाव भी दिया. इसके तहत छायापुरी, उज्जैन, भोपाल, कटनी, सिंगरौली, चोपन, डाल्टनगंज और लोहरदगा होते हुए ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा गया.
प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि इस रेल सेवा के शुरू होने से झारखंड और गुजरात के बीच व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा. इसके अलावा विद्यार्थियों, मरीजों और अन्य यात्रियों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी.
रांची में एम्स की स्थापना से मरीजों को मिलेगी सुविधा
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने रांची में एम्स स्थापित करने की मांग भी उठायी. चेंबर सदस्यों ने कहा कि झारखंड में एम्स बनने से राज्य के विभिन्न जिलों के मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी. इसका लाभ पड़ोसी राज्यों के मरीजों को भी मिलेगा.
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ता है. रांची में एम्स की स्थापना होने से दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम होगी और मरीजों को अपने राज्य में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी.
प्रतिनिधिमंडल ने रांची के खेलगांव की मौजूदा स्थिति पर भी चिंता जतायी. उन्होंने खेलगांव की जर्जर स्थिति का आकलन करने के लिए विशेष कमेटी गठित करने का आग्रह किया.
चेंबर की ओर से खेलगांव परिसर का सर्वेक्षण कराने, जरूरी मरम्मत और नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गयी. प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि खेलगांव को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों के अनुकूल बनाने के लिए ठोस पहल जरूरी है. इस मुलाकात में चेंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल के साथ अमित शर्मा, पूजा ढाढा और नवजोत अलंग शामिल थे.
No comments yet. Be the first to comment!