रांची. झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने होटवार जेल से यौनाचार कांड के पीड़ित युवक और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया कि जेल के अंदर से फोन कर पीड़ित और उसके परिवार को धमकाया जा रहा है. वहीं, घटना के 14 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस पीड़ित का बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज नहीं करा पाई है.
बाबूलाल मरांडी ने न्यायिक हिरासत में बंद कैदियों के साथ अमानवीय व्यवहार, जेल के भीतर प्रतिबंधित मोबाइल फोन के इस्तेमाल और पीड़ित को धमकी दिए जाने को लेकर जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने पूछा कि जेल के भीतर प्रतिबंधित मोबाइल फोन कैसे पहुंच रहे हैं और वहां से पीड़ित व उसके परिवार को धमकी किसकी शह पर दी जा रही है?
मामला पीड़ित युवक का नहीं, पूरे सिस्टम का है
उन्होंने जेल आईजी और जेल अधीक्षक पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जेल प्रशासन इतना भ्रष्ट और लापरवाह हो चुका है कि जेल के भीतर क्या हो रहा है, इसकी जवाबदेही लेने वाला कोई नहीं है. मरांडी ने कहा कि यह मामला अब केवल एक पीड़ित युवक तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड की पूरी कानून-व्यवस्था और जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है.
बाबूलाल मरांडी ने झारखंड हाईकोर्ट से मामले में तत्काल स्वतः संज्ञान लेकर पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच का आदेश देने का आग्रह किया है. उन्होंने पीड़ित युवक का बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराने और उसकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
उन्होंने कहा कि मामले में दोषी चाहे जेल प्रशासन का अधिकारी-कर्मचारी हो, पुलिसकर्मी हो या इस पूरे मामले को संरक्षण देने वाला कोई व्यक्ति, किसी को बख्शा नहीं जाना चाहिए. यहां तक कि यदि संरक्षण देने वाला मुख्यमंत्री ही क्यों न हो, उसकी भी जवाबदेही तय होनी चाहिए.
Also Read : झारखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे जस्टिस विभु बाखरू, 27 नवंबर को एमएस सोनक होंगे सेवानिवृत्त
No comments yet. Be the first to comment!