Dhanbad : रामनवमी का पर्व शुक्रवार को धनबाद में पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही शहर के मंदिरों में भगवान राम और संकटमोचन हनुमान के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। लोग पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना कर रहे हैं। पूरे शहर में भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।
मंदिरों में सुबह से उमड़ी भीड़
शहर के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। महिलाएं, पुरुष और बच्चे सभी भगवान के दर्शन के लिए पहुंचे। कई श्रद्धालु व्रत रखकर पूजा कर रहे हैं और रामचरितमानस का पाठ भी कर रहे हैं।
शाम को निकलेगा भव्य जुलूस
रामनवमी के मौके पर शाम होते ही शहर के अलग-अलग अखाड़ों की ओर से भव्य जुलूस निकाला जाएगा। स्टेशन रोड मंदिर के पास अखाड़ा में शामिल रामभक्त पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन करेंगे, जो हर साल की तरह इस बार भी खास आकर्षण रहेगा।
इसके अलावा हीरापुर क्षेत्र में भी जुलूस निकलेगा, जहां बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शहर के प्रमुख इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
10 टन लड्डुओं का चढ़ेगा भोग
रामनवमी पर भगवान को भोग लगाने के लिए इस बार शहर में लड्डुओं की जबरदस्त मांग देखी जा रही है। कारोबारियों के अनुसार, मंदिरों और घरों में मिलाकर करीब 10 टन लड्डू चढ़ाए जाने का अनुमान है। शहर के अलग-अलग इलाकों में गुरुवार से ही मिठाई की दुकानों पर रौनक दिख रही है। कारीगरों ने बूंदी, मही दाना, बेसन और शुद्ध घी के लड्डू तैयार किए हैं।
सरायढेला के वीर शर्मा और मनईटांड के दीपक कुमार को दो से दस किलो तक के ऑर्डर मिले हैं, जबकि हीरापुर के अनूप कुमार पाल को करीब चार क्विंटल लड्डू का ऑर्डर मिला है। बाजार में बूंदी लड्डू 120 से 140 रुपये, मही दाना 140 से 160 रुपये और घी के लड्डू 300 से 500 रुपये प्रति किलो तक बिक रहे हैं।
भगवान राम के जन्मोत्सव का पर्व
रामनवमी हिंदू धर्म का प्रमुख त्योहार है, जिसे भगवान राम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि त्रेतायुग में चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को अयोध्या में भगवान राम का जन्म हुआ था। इस दिन भक्त उपवास रखते हैं, पूजा करते हैं और जगह-जगह शोभायात्रा और झांकियां निकाली जाती हैं। यह पर्व धर्म, सत्य और मर्यादा के पालन का संदेश देता है।
शहर में भक्तिमय माहौल
पूरे धनबाद शहर में रामनवमी को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। हर गली-मोहल्ले में जय श्रीराम के जयकारे गूंज रहे हैं। लोग पूरे जोश और श्रद्धा के साथ इस पर्व को मना रहे हैं, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है।

