Chaibasa : चाईबासा जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के ई-रिक्शा को बेचने की कोशिश कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई टोटो (ई-रिक्शा) और चार बैटरियां बरामद की हैं। दोनों आरोपितों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गुप्त सूचना पर हरकत में आई पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भरत भवन के आसपास दो युवक चोरी की ई-रिक्शा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना में सनहा दर्ज किया गया और वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक गुफरान खान, अंजारुल हक, सहायक अवर निरीक्षक भरत भूषण सामड और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस को देखते ही भागने लगे आरोपी
शनिवार को थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम भरत भवन चौक पहुंची। वहां पुलिस ने दो युवकों को संदिग्ध स्थिति में खड़ा देखा। जैसे ही दोनों की नजर पुलिस वाहन पर पड़ी, वे भागने लगे। हालांकि पुलिस जवानों ने तेजी दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। मौके पर पूछताछ के दौरान दोनों युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद उन्हें थाना लाकर कड़ाई से पूछताछ की गई।
पूछताछ में कबूला चोरी का राज
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने अपना नाम मो. हैदर (28) और मो. फरहान उर्फ बाबू (19) बताया। दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 20 अप्रैल को बंगला टांड क्षेत्र से एक ई-रिक्शा चोरी की थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि चोरी के बाद ई-रिक्शा को छिपाकर रखा गया था और अब उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे।
निशानदेही पर बरामद हुआ ई-रिक्शा
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने चट्टानी देवगांव क्षेत्र से चोरी किया गया ई-रिक्शा बरामद कर लिया। इसके अलावा पहले चोरी कर एक गैरेज में छिपाकर रखी गई चार बैटरियां भी जब्त की गईं। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपित किसी बड़े चोरी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
इस मामले में चक्रधरपुर थाना में अज्ञात के खिलाफ पहले से दर्ज केस को आगे बढ़ाते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। शनिवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
Also Read : हक का राशन नहीं मिला तो भड़के ग्रामीण, डीलर पर कार्रवाई की मांग


