Gayaji : बिहार की राजनीति में एक बार फिर उथल-पुथल मच गई है। RJD (राष्ट्रीय जनता दल) के दो विधायक गया में आयोजित PM मोदी की जनसभा में BJP के मंच पर नजर आये। जो विधायक मंच पर दिखे, उनमें नवादा सदर एमएलए विभा देवी और रजौली एमएलए प्रकाश वीर शामिल हैं। मंच पर दिखने के बाद इन दोनों विधायकों की RJD छोड़कर BJP में शामिल होने की अटकलें तेज हो गयी हैं।
क्यों हुई नाराजगी :
सूत्रों के अनुसार दोनों विधायकों की नाराजगी की वजह लोकसभा चुनाव में टिकट वितरण को लेकर थी। RJD ने नवादा से राजबल्लभ यादव के भाई विनोद यादव को टिकट न देकर श्रवण कुशवाहा को चुना था। इससे नाराज विनोद ने निर्दलीय चुनाव लड़ा, जिसमें विभा देवी और प्रकाश वीर ने उनका साथ दिया। इसके बाद RJD नेतृत्व, लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव, राजबल्लभ परिवार से नाराज हो गए। दोनों विधायकों को डर था कि आगामी चुनावों में पार्टी टिकट वितरण में नए समीकरण अपना सकती है, जिससे उनके राजनीतिक भविष्य पर असर पड़ सकता है।
विभा देवी और राजबल्लभ का प्रभाव
विभा देवी के पति राजबल्लभ यादव बिहार के पूर्व मंत्री रह चुके हैं और नवादा में उनका मजबूत प्रभाव है। हाल ही में राजबल्लभ एक चर्चित मामले में पटना हाईकोर्ट से बरी हुए हैं, जिसने उनके परिवार को फिर से सक्रिय राजनीति में ला दिया है। अगर विभा BJP में शामिल होती हैं, तो यह RJD और महागठबंधन के लिए बड़ा झटका होगा।
प्रकाश वीर की रणनीति
रजौली के विधायक प्रकाश वीर भी अपनी मजबूत पकड़ के लिए जाने जाते हैं। वे RJD नेतृत्व से संवाद की कमी और स्थानीय नेताओं की अनदेखी से नाराज थे। BJP के मंच पर उनकी मौजूदगी संकेत देती है कि वे अगले चुनाव में एनडीए के साथ जा सकते हैं।
BJP की रणनीति
BJP आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए प्रभावशाली नेताओं को अपने पाले में लाने की रणनीति पर काम कर रही है। पीएम मोदी की गया यात्रा को इस रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसका मकसद महागठबंधन को कमजोर करना है।
आगे क्या :
हालांकि विभा देवी और प्रकाश वीर ने अभी RJD से औपचारिक इस्तीफा नहीं दिया है, लेकिन BJP के मंच पर उनकी मौजूदगी साफ संकेत देती है। जल्द ही उनके BJP में शामिल होने की घोषणा हो सकती है। अगर ऐसा हुआ, तो नवादा और रजौली में महागठबंधन को बड़ा नुकसान हो सकता है।
Also Read : खेल में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर… जानें डिटेल्स