न्यू गिरिडीह-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस के विस्टाडोम कोच में कीजिए सफर, 13 से चलेगी रेगुलर

रांची : झारखंड के रांची रेल डिवीजन में पहली बार किसी ट्रेन में विस्टाडोम कोच देखने को मिलेगा। यह कोच न्यू गिरिडीह-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस में लगाई जा रही है। 12 सितंबर को स्पेशल ट्रेन का उद्घाटन होगा। इसके बाद 13 सितंबर से ट्रेन रेगुलर चलेगी। इस ट्रेन में एक विस्टाडोम कोच होगा। बताते चलें कि यह कोच सफर के दौरान बेहद खूबसूरत और सुखद अहसास कराने वाला होगा। फिलहाल यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग बरकाकाना, मेसरा, टाटीसिलवे के स्थान पर परिवर्तित मार्ग बरकाकाना, मूरी, टाटीसिलवे होकर चलेगी।

14 कोच होंगे इस ट्रेन में

इस ट्रेन का नंबर 18617 रांची से और न्यू गिरिडीह से 18618 होगा। इन ट्रेनों में एसएलआर के 02 कोच, सामान्य श्रेणी के 06 कोच, चेयर कार के 03 कोच, वातानुकूलित चेयर कार के 02 कोच एवं विस्टाडोम कोच का 01 कोच, कुल 14 कोच होंगे।

पर्यटन को बढ़ावा देना उद्देश्य

सरकार पर्यटकों को इस कोच के माध्यम से आकर्षित करने पर फोकस कर रही है। बताते चलें कि यह ट्रेन जमुआ, धनवार, महेशपुर, कोडरमा, हजारीबाग टाउन, बड़काकाना-मेसरा और टाटीसिल्वे होते रांची तक का सफर करेगी। इस रूट पर विस्टाडोम से यात्री सफर का पूरा आनंद ले पाएंगे। रास्ते में पड़ने वाले मनोरम और प्राकृतिक सौंदर्य को महसूस कर सकेंगे।

चारों ओर घूम सकेगी सीट

रांची रेल डिवीजन के पदाधिकारियों के अनुसार यह पहला मौका होगा, जब किसी ट्रेन में विस्टाटोम कोच लगाया जा रहा है। कोच को जोड़ने के पीछे पर्यटन को बढ़ावा देना मकसद है। विस्टाडोम कोच में बड़े ग्लास की खिड़कियां हैं। इससे यात्री को साइड के साथ ऊपर की तरफ के दृश्य देखने में भी आसानी होगी। कोच में 42 से 44 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसकी सीटों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह 180 डिग्री पर घूम सकेगी। इसके अलावा शानदार पुश बैक होगी।

18617 रांची से ये होगा टाइम टेबल

रांची प्रस्थान 06:05 बजे, टाटीसिलवे आगमन 06:23 बजे प्रस्थान 06:25 बजे, मेसरा आगमन 06:42 बजे प्रस्थान 06:44 बजे, बरकाकाना आगमन 08:05 बजे प्रस्थान 08:10 बजे, हजारीबाग टाउन आगमन 09:08 बजे प्रस्थान 09:13 बजे, कोडरमा आगमन 10:30 बजे प्रस्थान 11:00 बजे, महेशपुर हाल्ट आगमन 11:20 बजे प्रस्थान 11:22 बजे, धनवार आगमन 11:40 बजे प्रस्थान 11:42 बजे, जमुआ आगमन 12:03 बजे प्रस्थान 12:05 बजे एवं न्यू गिरिडीह आगमन 13:00 बजे होगा।

18618 न्यू गिरिडीह से ये होगा टाइम

न्यू गिरिडीह प्रस्थान 14:00 बजे, जमुआ आगमन 14:30 बजे प्रस्थान 14:32 बजे, धनवार आगमन 14:58 बजे प्रस्थान 15:00 बजे, महेशपुर हाल्ट आगमन 15:28 बजे प्रस्थान 15;30 बजे, कोडरमा आगमन 16:30 बजे प्रस्थान 17:00 बजे, हजारीबाग टाउन आगमन 17:55 बजे प्रस्थान 18:00 बजे, बरकाकाना आगमन 19:00 बजे प्रस्थान 19:05 बजे, मेसरा आगमन 20:35 बजे प्रस्थान 20:37 बजे, टाटीसिलवे आगमन 21:05 बजे प्रस्थान 21:07 बजे एवं रांची आगमन 21:30 बजे होगा।