Hazaribagh : हजारीबाग जिले के बरकट्ठा थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरेज फोरलेन पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक सवार शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है। मृतक की पहचान गयपहाड़ी निवासी चंद्रशेखर आजाद (पिता: गुलाबचंद महतो) के रूप में हुई है। वे चतरा जिले के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सोकी में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह वे रोज की तरह बाइक से स्कूल जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
तेज रफ्तार ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर
सकरेज फोरलेन पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिक्षक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बरकट्ठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
परिजनों और स्कूल में शोक की लहर
हादसे की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। वहीं, स्कूल के शिक्षक और छात्र भी इस घटना से बेहद आहत हैं और गहरा शोक व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सकरेज फोरलेन पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण लगाया जाए। साथ ही सड़क सुरक्षा के उपाय भी बढ़ाए जाएं, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।
Also Read : गार्ड की ह’त्या मामले में जांच करने पहुंचे SSP, सीसीटीवी में कैद हुए नकाबपोश अपराधी


