Pakur (Mitthu Yadav) :पाकुड़ शहर के मारवाड़ी रोड, खासकर सब्जी मंडी के पास, इन दिनों रोजाना जाम की समस्या आम हो गई है। सड़क पर हर वक्त भीड़ लगी रहती है, जिससे आने-जाने वालों को काफी दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोग बताते हैं कि सुबह से लेकर शाम तक यहां ट्रैफिक की स्थिति खराब बनी रहती है।
स्कूल टाइम में हालात सबसे ज्यादा खराब
जाम की समस्या सबसे ज्यादा स्कूल के समय देखने को मिलती है। इस दौरान वैन, रिक्शा, टेम्पू और अन्य वाहनों की भीड़ इतनी बढ़ जाती है कि सड़क पूरी तरह जाम हो जाती है। बच्चों को स्कूल पहुंचाने में ड्राइवरों को परेशानी होती है, वहीं अभिभावक भी लगातार चिंता में रहते हैं। कई बार बच्चों को सड़क पर ही काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है।
श्रद्धालुओं को भी हो रही दिक्कत
मारवाड़ी रोड के किनारे स्थित मंदिर में पूजा करने आने वाले श्रद्धालुओं को भी जाम की वजह से भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। भीड़ और अव्यवस्था के कारण मंदिर तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है, जिससे लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही है।
सब्जी विक्रेता भी परेशान
सड़क किनारे सब्जी बेचने वाले दुकानदारों को भी इस जाम का असर झेलना पड़ रहा है। भीड़ और वाहनों की आवाजाही के कारण उनके काम पर भी असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने उठाई मांग
इलाके के लोगों का कहना है कि इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि यहां नियमित ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए। अतिक्रमण हटाने और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती से जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।
प्रशासन से उम्मीद, कब मिलेगी राहत?
लगातार बढ़ती इस समस्या के बीच लोगों की नजर अब प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है। अगर समय रहते कदम नहीं उठाया गया, तो आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं।