दिवंगत मंत्री और गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के श्राद्ध यानी बारहवीं कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है. 17 सितंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं.
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद उनके परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों के अलावा बड़ी संख्या में लोगों के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गिरिडीह पहुंचने की संभावना है. संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए हैं.
सुबह 9 बजे से भारी वाहनों पर रहेगी रोक
कार्यक्रम में VVIP और VIP के आने की संभावना को देखते हुए गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है. प्रशासन के निर्देश के मुताबिक, 17 सितंबर को सुबह 9 बजे से रात 11 बजकर 59 मिनट तक शहरी क्षेत्र में सभी भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर रोक रहेगी.
प्रशासन के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान यातायात को नियंत्रित रखना और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी से बचाना है. साथ ही VVIP और VIP के आवागमन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना भी प्रशासन की प्राथमिकता है.
वाहन चालकों से यातायात निर्देशों के पालन की अपील
जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि प्रतिबंधित अवधि के दौरान गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों का परिचालन न करें. प्रशासन ने सभी लोगों से जारी किए गए यातायात निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
इसके अलावा आम लोगों से भी श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है. प्रशासन ने लोगों से निर्धारित निर्देशों का पालन करते हुए शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने को कहा है.
Also Read : झारखंड पुलिस का ई-समन सिस्टम फेल, 6086 में सिर्फ 150 समन पर हुई कार्रवाई

