शांतिपूर्ण माहौल में पढ़ी गयी जुमे की नमाज, राजधानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम

रांची। राजधानी में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में पढ़ा गया है। पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतेजाम किए गए है। चौक-चौराहों पर पुलिस की पैनी नजर है। एकरा मस्जिद के आसपास इलाके में ड्रॉन कैमरा से निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील इलाके में रैप के अलावा जैप, जिला पुलिस, झारखंड जगुआर समेत कई पुलिस की अलग-अलग कंपनी तैनात है। संबंधित क्षेत्र के थानेदार लगातार क्षेत्र में गश्त लगाते रहे है।

जुमे की नमाज को लेकर रांची पुलिस अलर्ट पर
शुक्रवार को होने वाले जुमे के नमाज को लेकर रांची पुलिस हाई अलर्ट पर थी। नमाज के बाद किसी तरह की कोई अप्रिय घटना न घटे, इसको लेकर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी।

जगह-जगह पर बैरिकेडिंग और पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिन इलाकों में बैरिकेडिंग लगाई गई है। उनमें एकरा मस्जिद चौक, मल्लाह टोली, उर्दू लाइब्रेरी, बड़ा तालाब आदि इलाका शामिल है।इसके अलावा कर्बला चौक और रतन टॉकिज के पास भी बैरिकेडिंग किया गया है।

क्या है मामला
नुपुर शर्मा ने पिछले दिनों पैगंबर साहब के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर दी थी। इसके बाद देश भर में प्रदर्शन हुआ था। इसी दौरान बीते दस जून को रांची में प्रदर्शन के दौरान भीड़ अचानक हिंसक हो गई थी।

जमकर पुलिस पर पथराव हुआ। इस दौरान पुलिस ने फायरिंग शुरू कर दी। इसमें दो लोगों को गोली लगी और मौत हो गई। वहीं एक पुलिस जवान सहित सात लोग भी घायल हो गए थे। भीड़ ने एक मंदिर पर भी हमला कर दिया था। इसके बाद शहर में तनाव फैल गया था। दुकानें बंद हो गई थीं।