पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप को मदद पहुंचाने वाले आपराधिक चरित्र के तीन युवक गिरफ्तार, इनके खिलाफ जारी है लूक ऑउट नोटिस

बक्सर/रांची। पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप को मदद पहुंचाने वाले आपराधिक चरित्र के तीन युवकों को बक्सर पुलिस ने सोमवार की देर रात गिरफ्तार किया है। इनके पास से 12 लाख रुपये व 14 से अधिक फोन बरामद हुए हैं। एसपी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि इनके खिलाफ झारखंड की पुलिस ने लूक ऑउट नोटिस भी जारी कर रखा है। गिरफ्तार लोगों में निवेश कुमार पिता सुभाष पोद्दार आदर्श नगर, थाना धुर्वा, जिला रांची, शुभम कुमार पोद्दार पिता अशोक पोद्दार, कुमहार टोली, थाना खूंटी, जिला खूंटी और ध्रुव कुमार पिता बलराम सिंह, ग्राम सोनपुर, थाना जगरनाथपुर, जिला रांची है।

कैसे हुई इनकी गिरफ्तारी
बक्सर एसपी के अनुसार बिहार-यूपी को जोड़ने वाले वीर कुंवर सिंह सेतु के समीप पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। तभी एक कार वहां से तेज गति से निकली। औद्योगिक थाने की सीमा में उसे रोका गया। इस दौरान उन युवकों ने पुलिस को चकमा देने का भी प्रयास किया था। मगर, तीनों पुलिस की चपेट में आ गए। जांच के दौरान उनके पास से 12 लाख रुपये मिले। बक्सर पुलिस ने इस बारे में पूछताछ की, तो जवाब स्पष्ट नहीं मिला। इसी बीच निशानदेही का क्रम जारी रहा। फिर तीनों में स्वयं को झारखंड का निवासी बताया और पुलिस की जांच में बात स्पष्ट हुई कि इनके खिलाफ प्रतिबंधित संगठन पीएलएफआई को मदद करने की शिकायत इसी माह की छह तारीख को दर्ज हुआ है। फिलहाल पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। बंगाल नंबर की कार भी जब्त की गई है। जिसमें वे सफर कर रहे थे। बक्सर एसपी ने मामले की जानकारी रांची एसएसपी सुरेन्द्र कुमार झा को दी। इसके बाद रांची से पुलिस टीम बक्सर के लिए रवाना होगी।