Godda : गोड्डा जिले के देवडांड़ थाना क्षेत्र के डांगा विशु टोला में सोमवार रात एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। कुल्हाड़ी से किए गए इस हमले में 50 वर्षीय दरबारी मुर्मू, उनकी पत्नी मक्कू बास्की (लगभग 45 वर्ष) और उनका 12 वर्षीय बेटा जीतराम मुर्मू (या जीतनारायण मुर्मू) मौत के घाट उतार दिए गए।
पुलिस ने की तेज कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही एसपी मुकेश कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी की टीम ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने हत्या के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में संतलाल मुर्मू (28 वर्ष), हेमलाल मुर्मू (23 वर्ष) और तालाबाबू मुर्मू (27 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल दो कुल्हाड़ियों को भी बरामद किया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि यह हत्या परिवार के ही सदस्यों ने की थी। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और अपनी निशानदेही पर हथियार भी पुलिस को सौंप दिए।
हत्या का कारण… अंधविश्वास
आरोपियों के बयान के अनुसार, हत्या का मुख्य कारण अंधविश्वास था। सात साल पहले परिवार के एक सदस्य की मौत के बाद से परिवार के अन्य सदस्य बार-बार बीमार पड़ने लगे थे। इस कारण स्थानीय लोग और परिवार के सदस्य यह मानने लगे कि परिवार पर डायन-बिसाही (जादू-टोना) का असर है। इसी शक में आरोपियों ने पीड़ितों की हत्या कर दी।
आगे की कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है। मृतक परिवार के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने जनता से अपील की है कि अंधविश्वास पर विश्वास न करें और ऐसे मामलों में पुलिस को तुरंत सूचना दें।
Also Read : रांची मेयर और बुंडू नगर पंचायत अध्यक्ष का शपथ ग्रहण कल, सुरक्षा को लेकर निषेधाज्ञा लागू

